राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर भव्य जागरूकता एवं पोस्टर प्रदर्शनी कार्यक्रम आयोजित
पवई, आजमगढ़।
एस.बी.एस मेमोरियल इंटर कॉलेज, सुम्हाडीह पवई-आजमगढ़ में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर एक भव्य जागरूकता एवं पोस्टर प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat) आजमगढ़ द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को विज्ञान, तकनीकी, नवाचार एवं डिजिटल भारत के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के महत्व की जानकारी देकर की गई।
इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि भारत ने विज्ञान एवं तकनीकी के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल तकनीकी, अंतरिक्ष अनुसंधान, रक्षा तकनीकी एवं आधुनिक शिक्षा प्रणाली जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर प्रदर्शन एवं तकनीकी जागरूकता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों द्वारा “नवाचार से विकसित भारत”, “डिजिटल इंडिया”, “AI तकनीकी”, “स्वच्छ ऊर्जा” एवं “विज्ञान आधारित भविष्य” जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विज्ञान एवं तकनीकी के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सब इंस्पेक्टर विशाल एवं कांस्टेबल विकास यादव रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय तकनीकी एवं नवाचार का युग है और युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आधुनिक तकनीकी का सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान के माध्यम से देश निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आयुष कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखने एवं रचनात्मक कार्यों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर अध्यापकगण श्वेता राय, शिवानी सिंह एवं रोमा पाल की विशेष उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा एवं तकनीकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अतिथियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार एवं आयोजकों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी का आभार व्यक्त किया गया।

