वार्षिकोत्सव में मेधावी छात्राओं को किया गया पुरस्कृत
राजकीय महिला महाविद्यालय, अहिरौला में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्क्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर, कौस्तुभ त्रिपाठी और तहसीलदार, मार्टिनगंज अंजू यादव रहीं। अतिथिगण ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारम्भ किया और महाविद्यालय की वार्षिक आख्या का वाचन डा. कंचन यादव ने किया। अतिथियों के सम्मान के उपरांत छात्राओं ने स्वागत गीत गाया, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ थीम के तहत मणिपुरी नृत्य को सभी के समक्ष प्रस्तुत किया।

एक भारत श्रेष्ठ भारत’ थीम के तहत मणिपुरी नृत्य का प्रदर्शन करती छात्रायें
समारोह के अध्यक्षीय सम्बोधन में प्राचार्य प्रो. महेन्द्र प्रकाश ने बताया कि वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण का यह समारोह महाविद्यालय के लिए गरिमा का पल है, जिसमें वर्ष भर के शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षणेत्तर उपलब्धियों और छात्राओं के अकादमिक प्रदर्शन को सहेज कर उसे भावात्मक ढंग से महाविद्यालय हर्षोल्लास के साथ सभी के समक्ष प्रकट कर रहा है। समारोह के प्रारम्भ में बहुप्रतीक्षित महाविद्यालय की पत्रिका ‘मेधिनी’ के प्रवेशांक का विमोचन आमंत्रित अतिथियों, प्राचार्य व प्राध्यापकगण द्वारा किया गया।

पत्रिका ‘मेधिनी’ का विमोचन करते अतिथिगण, प्राचार्य व प्राध्यापक
इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने अपने वक्तव्य से महाविद्यालय की छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि महिलायें आज समाज को दिशा दे रहीं हैं उसका प्रमुख कारण शिक्षा के द्वारा उनकी सबलता है, उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहीं छात्रायें आने वाले समय में विकसित भारत अभियान की धुरी बनेगीं। पत्रिका ‘मेधिनी’ में छात्राओं के संकलित लेख उनकी अकादमिक रुचियों का आइना हैं। विशिष्ट अतिथि ने छात्राओं के शैक्षिक सफलता को निष्ठा व लगन से जोड़ा और कहा कि देश का भविष्य नारियों की समुचित सहभागिता और उनकी कौशल प्रतिभा पर टिका हुआ है। इस अवसर पर विभागों की परिषदीय प्रतियोगिता और शिक्षणेत्तर गतिविधियों में विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। भौतिक विज्ञान में पूजा, ज्योति, आकांक्षा, रसायन विज्ञान में रेनू, शिवांगी पाण्डेय व रागिनी, जन्तु विज्ञान में सृष्टि सिंह, अंशिका सिंह, रेनू वनस्पति विज्ञान के प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सृष्टि, खुशबू निषाद व सपना, हिन्दी निबंध लेखन में शिवांगी यादव, कविता चौबे, खुशबू प्रजापति के साथ रीतू निषाद, काव्य पाठ में कविता, शिवांगी, साधना निषाद, राजनीति विज्ञान के भाषण में श्रेयांशी तिवारी, शिवांगी यादव, वैष्णवी राय के साथ खुशबू, रूचि और निबंध में वैष्णवी, खुशबू यादव, गार्गी पाठक, इतिहास विभाग के निबंध में गार्गी, खुशबू, वैष्णवी के साथ कविता सामान्य ज्ञान में गार्गी, खुशबू, उजाला चौरसिया के साथ आँचल, गृह विज्ञान के निबंध में सरोज यादव, रेशू उपाध्याय, पूनम कुमारी, वाणिज्य विभाग के निबंध में खुशी, प्रियांशी सिंह, अंजलि राव भाषण में दिव्यांशी विश्वकर्मा, रोमी पाण्डेय, शालिनी के साथ अनुपम, सांस्कृतिक परिषद के नृत्य प्रतियोगिता श्रेणी में शिवांगी, उपमा, डिम्पल गायन में रेनू, संध्या, अंकिता के साथ शिवांगी, सड़क सुरक्षा निबंध में गार्गी पाठक, अनुष्का मौर्या, वैष्णवी, सरदार पटेल जयंती एकता दिवस के अवसर पर वाद-विवाद में रेनू, करिश्मा, ज्योति यादव के साथ सोनम कुमारी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में नेहा मौर्या, रेनू, श्वेता तिवारी ने क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान के लिए मेडल व प्रशस्ति-पत्र प्राप्त किया।

समारोहक डा. राकेश कुमार ने मंचीय संचालन किया, डा. जमालुद्दीन अहमद ने प्रभारी की भूमिका निभायी और डा. प्राणनाथ सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजक सदस्य डा. प्रज्ञानंद, डा. अनिल कुमार तिवारी, डा. दिलीप कुमार वर्मा, वरिष्ठ कार्यालय सहायक अदिति सिंह, शोभनाथ के साथ आशा, संतोष, हरेन्द्र व समस्त छात्रायें उपस्थित रहीं।
