खबर मंच | जोगीपुर गांव में करोड़ों की चोरी से मचा हड़कंप, अज्ञात चोरों ने घर खंगाला
अतरौलिया (खबर मंच):
अतरौलिया थाना क्षेत्र के जोगीपुर गांव में बुधवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर में बड़ी चोरी की खबर सामने आई। अज्ञात चोरों ने शैलेंद्र तिवारी पुत्र स्वर्गीय हरिनाथ तिवारी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। अनुमान के अनुसार चोर करीब 70 से 75 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए, जिसमें लगभग 40 हजार रुपये नकद भी शामिल हैं। Khabar Manch
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। रात करीब 11 बजे के बाद अज्ञात चोर घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोर सीधे उस कमरे तक पहुंचे, जहां परिवार के सभी कीमती जेवरात और नकदी रखी हुई थी। इसके बाद उन्होंने अलमारियों और संदूकों में रखे लगभग 70 लाख रुपये के जेवरात, 40 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान समेट लिया।
सुबह करीब चार बजे जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर में हड़कंप मच गया। मीडिया से बातचीत में शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि वे सुबह ब्रश लेने के लिए जब उस कमरे में गए, तो देखा कि खिड़की टूटी हुई है और कमरे से सारा सामान गायब है। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अतरौलिया थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। वहीं, इतनी बड़ी चोरी की वारदात से जोगीपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। Khabar Manch
