एनएसएस शिविर का समापन, रंगोली व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
अहिरौला (आजमगढ़)। Khabar Manch
राजकीय महिला महाविद्यालय अहिरौला की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर के सातवें दिन स्वयंसेविकाओं के मध्य प्रातः रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेंद्र प्रकाश ने स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण समाज के मध्य शिक्षा, रोजगार, स्वच्छता एवं अन्य सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता फैलाकर लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना ही एनएसएस का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान समदी रीता यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए सभी स्वयंसेविकाओं को धन्यवाद दिया और कहा कि गांव के विकास में राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश कुमार यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्वयंसेविकाओं शिवांगी यादव, कविता चौबे और आकृति गुप्ता ने शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया।
समापन समारोह में स्वयंसेविकाओं ने दहेज प्रथा, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा जैसे सामाजिक विषयों पर नाटक एवं गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनिल तिवारी, डॉ. प्रज्ञानंद प्रजापति, कर्मचारी हरेंद्र, संतोष, आशा देवी सहित समस्त स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। Khabar Manch
