March 1, 2026

अतरौलिया में तेंदुए की अफवाह से दहशत, वन विभाग की जांच में निकला ‘बिग कैट’, तेंदुआ नहीं Khabar Manch

0
khabar manch

अतरौलिया (खबरमंच):
अतरौलिया बाजार और आसपास के इलाकों में एक संदिग्ध जंगली जानवर के दिखने की खबर से इन दिनों स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों द्वारा तेंदुए की मौजूदगी की आशंका जताए जाने के बाद वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया। हालांकि, प्राथमिक जांच के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से साफ इनकार कर दिया है।

तेंदुए की सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर वीर बहादुर सिंह और वन दरोगा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने उन खेतों और रास्तों का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां जानवर के देखे जाने की चर्चा थी। मेड़ों और गीली मिट्टी के आसपास पंजों के निशान खोजे गए, लेकिन काफी मशक्कत के बावजूद तेंदुए के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले।

सच्चाई जानने के लिए वन विभाग ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज के विश्लेषण के बाद रेंजर वीर बहादुर सिंह ने बताया कि कैमरे में दिखाई दे रहा जानवर कद में छोटा है, उसकी पूंछ सामान्य से अधिक लंबी है और उसकी शारीरिक संरचना तेंदुए से मेल नहीं खाती। उनके अनुसार यह ‘बिग कैट’ प्रजाति का कोई अन्य मांसाहारी जीव हो सकता है, लेकिन यह तेंदुआ नहीं है।

वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है। विभाग ने तेंदुए की अफवाह को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि सीसीटीवी में दिखा जानवर तेंदुआ नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से विभाग के कर्मचारी रात में लगातार क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। साथ ही, यदि दोबारा कोई संदिग्ध जानवर दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। Khabar Manch

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *